प्रधानमंत्री मोदी मछली उत्पादन को लेकर तथ्यों को गलत तरीके से पेश कर रहे हैं : ममता

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-04-2026
Prime Minister Modi is misrepresenting facts regarding fish production: Mamata
Prime Minister Modi is misrepresenting facts regarding fish production: Mamata

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस दावे पर पलटवार किया कि प्रदेश सरकार मछली उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करने में विफल रही है और उन पर तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया।

उत्तर 24 परगना जिले के अगरपारा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में लोगों को मांसाहारी भोजन खाने की अनुमति नहीं है।
 
टीएमसी सुप्रीमो ने कहा, “मैंने सुना है कि आज उन्होंने (प्रधानमंत्री ने) कहा कि बंगाल में मछली का उत्पादन नहीं हो रहा है, जबकि बिहार में अधिक उत्पादन हो रहा है और निर्यात भी हो रहा है। लेकिन आप बिहार में लोगों को मछली खाने की अनुमति नहीं देते। यहां हम बाजारों से मछली खरीदते हैं और खाते हैं।”
 
बनर्जी ने कहा कि बंगाल पहले आंध्र प्रदेश से मछली मंगाता था, लेकिन अब यह बंद हो गया है, और उन्होंने मोदी से इन घटनाक्रमों पर नजर रखने का आग्रह किया।
 
बनर्जी ने दावा किया, “आप वही बोल रहे हैं जो आपकी पार्टी के लोग आपके कानों में फुसफुसा रहे हैं। आप राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश में लोगों को मछली, अंडे और मांस खाने नहीं दे रहे हैं। (ऐसी चीजों की) दुकानें बंद की जा रही हैं।”
 
प्रधानमंत्री मोदी ने हल्दिया में एक जनसभा में अपने भाषण के दौरान आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार राज्य में मछली की उच्च मांग के अनुरूप उत्पादन करने में विफल रही है।