Previous governments not only broke the trust of UP but also shattered the dreams of the youth: Yogi Adityanath
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष की पूर्ववर्ती सरकारों को विकास विरोधी करार देते हुए मंगलवार को कहा कि उन्होंने न केवल प्रदेश का विश्वास तोड़ा, बल्कि यहां के युवाओं के ‘‘सपनों को भी चकनाचूर’’ किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यहां उन्नत सिंगल विंडो पोर्टल ‘निवेश मित्र 3.0’ की शुरुआत करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘यह विश्वास, जिसे राजनीतिक कारणों से पिछली सरकारों ने तोड़ा था, केवल विश्वास नहीं था, बल्कि उत्तर प्रदेश के नौजवानों के सपनों को भी चकनाचूर किया गया था।’’
समारोह में उपस्थित निवेशकों से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश देश के भीतर निवेश के एक विशेष गंतव्य के रूप में स्थापित हो—यह सपना नौ वर्ष पहले देखा गया था। आप सभी की उपस्थिति उस सपने को जमीन पर उतारने का कार्य कर रही है।’’
योगी ने कहा, ‘‘आपने प्रदेश में ‘डबल इंजन’ सरकार पर विश्वास किया है। आपके इस विश्वास पर खरा उतरने और आपको अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए इस सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं।’’
मुख्यमंत्री ने भाजपा नीत सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके कारण उत्तर प्रदेश पूरे देश में निवेश के प्रमुख स्थल के रूप में उभरा है।