हज 2027 की तैयारियां तेज, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू पहुंचे जेद्दा

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 07-11-2026
Preparations for Hajj 2027 intensify; Union Minister Kiren Rijiju arrives in Jeddah
Preparations for Hajj 2027 intensify; Union Minister Kiren Rijiju arrives in Jeddah

 

जेद्दा:

हज 2027 की तैयारियों को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारत सहित विभिन्न देशों की सरकारें अपने हज यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सऊदी अरब के साथ समन्वय और तैयारियों की समीक्षा कर रही हैं। इसी सिलसिले में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू सऊदी अरब के जेद्दा पहुंच गए हैं।

किरेन रिजिजू छठे हज सम्मेलन एवं प्रदर्शनी 2027 में हिस्सा लेने के लिए सऊदी अरब पहुंचे हैं। अपने इस दौरे के दौरान वह सऊदी अरब के साथ द्विपक्षीय हज समझौते पर हस्ताक्षर करने के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा हज 2027 के लिए भारत की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जेद्दा पहुंचने की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि वह छठे हज सम्मेलन एवं प्रदर्शनी 2027 में भाग लेने, सऊदी अरब के साथ द्विपक्षीय हज समझौते पर हस्ताक्षर करने और आगामी हज यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए यहां पहुंचे हैं।

रिजिजू ने कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि सभी भारतीय हज यात्रियों के लिए यात्रा सुगम, सुरक्षित और आरामदायक बनाने के उद्देश्य से होने वाली बातचीत सकारात्मक और परिणामदायक रहे।

जेद्दा हवाई अड्डे पर भारत के महावाणिज्य दूत फहद सूरी ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया।

हज 2027 के मद्देनजर भारत और सऊदी अरब के बीच होने वाली यह बातचीत काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। द्विपक्षीय हज समझौते के तहत भारतीय हज यात्रियों की संख्या, यात्रा प्रबंधन और उन्हें उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर सहमति बनने की उम्मीद है।