Political developments in Karnataka are natural after the Chief Minister steps down: Satish Jarkiholi
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया को संगठन के शीर्ष नेतृत्व द्वारा पहले से मंजूर व्यवस्था के अनुसार करार देते हुये प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सतीश जरकीहोली ने शुक्रवार को कहा कि सिद्धरमैया के इस्तीफे के बाद का राजनीतिक घटनाक्रम, राजनीति की एक स्वाभाविक प्रक्रिया है।
विधायक जारकीहोली ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के इस्तीफे से उत्पन्न स्थिति पर यहां पत्रकारों से बात की।
उनके अनुसार, उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार का प्रदेश का मुख्यमंत्री बनना तय है।
सिद्धरमैया सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री के रूप में कार्य कर चुके विधायक ने कहा कि पार्टी नेता 2028 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की सत्ता में वापसी सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।
उन्होंने कहा, “आलाकमान के फैसले के अनुसार, सब कुछ तय हो चुका है। राजनीति में ऐसी बातें होना स्वाभाविक है और हमेशा होती रहेंगी। पहले हुए समझौते का पालन किया जा चुका है। उनकी जगह डी के शिवकुमार आ रहे हैं। राजनीतिक दृष्टि से यह सब स्वाभाविक है। एक जाता है तो दूसरा आता है।”
कर्नाटक में 2023 में कांग्रेस द्वारा सरकार बनाने के तुरंत बाद, सिद्धरमैया और शिवकुमार के बीच कथित सत्ता-साझाकरण समझौते की खबरें सामने आईं, जिसके तहत सिद्धरमैया, सरकार के पांच वर्षीय कार्यकाल के पहले आधे हिस्से में मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करेंगे और शिवकुमार बाद में पदभार संभालेंगे। दोनों नेताओं में से किसी ने भी सार्वजनिक रूप से इन खबरों की पुष्टि या खंडन नहीं किया।
अब जरकीहोली ने पुष्टि की कि दोनों के बीच एक समझौता हुआ था।