Police made sacrifices to maintain peace in Assam, insurgency close to ending: Himanta
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि पुलिसकर्मियों के बलिदान से राज्य में शांति स्थापित करने में मदद मिली है, उग्रवाद लगभग खत्म होने के स्तर पर है और अपराधों में भी तेजी से कमी आई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक साल में असम में ड्यूटी के दौरान छह पुलिसकर्मियों की मौत हुई है।
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि देने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए शर्मा ने कहा, “हम हर हाल में इस शांति की रक्षा करेंगे।”
उन्होंने कहा, “असम की जनता की ओर से मैंने स्वतंत्रता के बाद से मातृभूमि असम के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले असम पुलिस के 900 से अधिक जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए पुष्पचक्र अर्पित किया। उनके साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण को कभी नहीं भुलाया जाएगा। राज्य उन्हें हमेशा याद रखेगा।"
पुलिस स्मृति दिवस हर साल 21 अक्टूबर को पूरे भारत में मनाया जाता है।