आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री मोदी 11 और 12 दिसंबर को कनाडा की यात्रा करेंगे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 और 12 दिसंबर को कनाडा की यात्रा करेंगे। ओटावा स्थित भारतीय उच्चायोग ने यह जानकारी दी।
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने भी बृहस्पतिवार सुबह कैलगरी के एक स्थानीय रेस्तरां में लोगों से बातचीत के दौरान मोदी की यात्रा की तारीख की पुष्टि की।
कार्नी ने कहा कि उन्होंने अभी मोदी से बात की है और वह टोरंटो एवं ओटावा की यात्रा करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘हम देखेंगे कि क्या इस यात्रा का दायरा बढ़ाया जा सकता है।’’
ओटावा स्थित भारतीय उच्चायोग ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि मोदी 11 और 12 दिसंबर को कनाडा की यात्रा करेंगे।
पोस्ट में कहा गया, ‘‘प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के साथ हाल में हुई बातचीत में दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में आई सकारात्मक गति को आगे बढ़ाने और व्यापार, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, सुरक्षा तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में ठोस नतीजे हासिल करने की दिशा में काम करने पर सहमति जताई है।’’
मोदी ने मंगलवार को कहा था कि कनाडा के अपने समकक्ष के साथ उनकी बातचीत ‘‘सौहार्दपूर्ण और सार्थक’’ रही। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में ‘‘सकारात्मक गति’’ को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भारत और कनाडा मिलकर ‘‘अधिक स्थिर और समृद्ध दुनिया’’ बनाने में योगदान दे रहे हैं।