आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को मैसूरु स्थित श्री रामकृष्ण आश्रम में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र ‘विवेक स्मारक’ का उद्घाटन करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, उद्घाटन कार्यक्रम दोपहर बाद साढ़े तीन बजे होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री इस अवसर पर आयोजित एक सभा को भी संबोधित करेंगे।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि ‘विवेक स्मारक’ स्वामी विवेकानंद के नवंबर 1892 में भारत भ्रमण के दौरान मैसूरु की ऐतिहासिक यात्रा की स्मृति में बनाया गया है।
बयान के अनुसार, मैसूरु प्रवास के दौरान विवेकानंद ने कई प्रवचन दिए, विद्वानों और श्रद्धालुओं से संवाद किया तथा तत्कालीन महाराजा चामराजेंद्र वाडियार दशम का संरक्षण प्राप्त किया। स्वामी विवेकानंद वाडियार के सहयोग से ही वर्ष 1893 में शिकागो में आयोजित 'धर्म संसद' में शामिल हो पाए।