आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन नवंबर को बारामती का दौरा करेंगे और नवनिर्मित ‘प्रेरणा स्थल’ का उद्घाटन करेंगे, जहां भगवान बुद्ध की चार टन वजनी प्रतिमा स्थापित की गई है।
पवार ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि विद्या प्रतिष्ठान में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार, सीरम इंस्टीट्यूट के साइरस पूनावाला तथा माइक्रोसॉफ्ट के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। पवार इस शैक्षणिक ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सुबह करीब 10 बजे बारामती हवाई अड्डे पहुंचेंगे और वहां से सीधे विद्या प्रतिष्ठान जाएंगे। वहां वह ‘नक्षत्र गार्डन’ में स्थापित भगवान बुद्ध की प्रतिमा वाले ‘प्रेरणा स्थल’ का उद्घाटन करेंगे।
परिसर में कई प्रमुख हस्तियों के चित्र और तस्वीरें भी प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें राजमाता जीजाऊ, छत्रपति शिवाजी महाराज, अहिल्यादेवी होल्कर, ज्योतिराव फुले, सावित्रीबाई फुले, महात्मा गांधी, डॉ. बी. आर. आंबेडकर और पवार की मां शारदाबाई पवार शामिल हैं।