तीन दिवसीय सेशेल्स यात्रा पर पीएम मोदी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-06-2026
PM Modi on three-day Seychelles visit
PM Modi on three-day Seychelles visit

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को सेशेल्स की तीन दिवसीय यात्रा पर रवाना हुए। इस दौरान वह इस द्वीपीय देश के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेंगे तथा संबंधों को और मजबूत करने के लिए राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे।
 
प्रधानमंत्री ने यात्रा पर रवाना होने से पहले एक बयान में कहा कि सेशेल्स भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी और ‘विजन महासागर’ तथा ‘ग्लोबल साउथ’ के प्रति भारत की साझा प्रतिबद्धता का प्रमुख साझेदार है।
 
उन्होंने कहा कि वह दोनों देशों के बीच स्थायी मित्रता को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से होने वाली द्विपक्षीय वार्ता को लेकर उत्सुक हैं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘हम मिलकर अपने-अपने लोगों की प्रगति को आगे बढ़ाने तथा हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए कार्य करेंगे।’’
 
प्रधानमंत्री ने बताया कि वह 27 से 29 जून तक सेशेल्स गणराज्य के राष्ट्रपति हर्मिनी के निमंत्रण पर वहां की राजकीय यात्रा कर रहे हैं। इस दौरान वह सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
 
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं सेशेल्स जा रहा हूं, जहां मैं उनके राष्ट्रीय दिवस समारोह में हिस्सा लूंगा। इस साल यह और भी खास है क्योंकि यह स्वर्ण जयंती समारोह है।’’
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 50वीं वर्षगांठ भी है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध ‘‘पारस्परिक विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, विविधता के सम्मान और दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे आत्मीय संबंधों पर आधारित हैं।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘फरवरी 2026 में राष्ट्रपति हर्मिनी की भारत की सफल राजकीय यात्रा के आधार पर मैं हमारी स्थायी मित्रता को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से होने वाली चर्चाओं को लेकर उत्सुक हूं। हम मिलकर अपने लोगों की प्रगति को आगे बढ़ाएंगे और हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा एवं समृद्धि को बढ़ावा देंगे।’’