प्रधानमंत्री मोदी ने 12 वर्षों में भारत को सुरक्षा के मजबूत गढ़ के रूप में तैयार किया: शाह

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-06-2026
PM Modi has built India into a strong security bastion in 12 years: Shah
PM Modi has built India into a strong security bastion in 12 years: Shah

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर बुधवार को इसकी सराहना की और कहा कि इस अवधि में देश को सुरक्षा के एक ऐसे मजबूत गढ़ के रूप में फिर से तैयार किया गया है जो नागरिकों की रक्षा करता है एवं दुश्मनों को तबाह कर देता है।

शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता की ऐसी मिसालें कायम की हैं जिनकी दुनिया सराहना करती है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार के 12 वर्षों में, हमारे देश को सुरक्षा के एक ऐसे मजबूत गढ़ के रूप में फिर से तैयार किया गया है जो नागरिकों की रक्षा करता है और दुश्मनों को तबाह कर देता है।’’
 
गृह मंत्री ने कहा, ‘‘चाहे वह सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर से दुश्मनों का जवाब देना हो, अनुच्छेद 370 को हटाना हो, नक्सलवाद को खत्म करना हो या पूर्वोत्तर में 12 से ज़्यादा समझौतों के जरिए आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करना हो- भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता की ऐसी मिसालें पेश की हैं जिनकी दुनिया सराहना करती है।’’
 
मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने हाल में केंद्र में अपने कार्यकाल के 12 साल पूरे किए।
 
पिछले सप्ताह मोदी भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए थे। उन्होंने लगातार 4,399 दिन प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।