प्रधानमंत्री ने तमिल नव वर्ष पर उपराष्ट्रपति से मुलाकात की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-04-2026
PM meets Vice President on Tamil New Year
PM meets Vice President on Tamil New Year

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन से मुलाकात की और उन्हें तमिल नव वर्ष ‘पुथांडु’ के अवसर पर बधाई दी।
 
अधिकारियों ने बताया कि मोदी यहां उपराष्ट्रपति के सरकारी आवास पहुंचे और पुथांडु के अवसर पर उन्होंने प्रार्थना में भी भाग लिया।
 
मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘उपराष्ट्रपति थिरू सी.पी. राधाकृष्णनजी से मुलाकात की और पुथांडु के विशेष अवसर पर उन्हें बधाई दी। एक सुखद वर्ष के लिए प्रार्थना करता हूं जो अच्छे स्वास्थ्य और प्रसन्नता से परिपूर्ण हो।’’
 
राधाकृष्णन ने कहा कि वह उपराष्ट्रपति भवन में मोदी से मिलकर प्रसन्न हैं और उन्होंने तमिल पुथांडु तथा बैसाखी की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया।
 
उन्होंने कहा, ‘‘हमने सुखद नए वर्ष के लिए प्रार्थना की जो प्रसन्नता, शांति और सभी के लिए कुशलता से परिपूर्ण हो।’’
 
उपराष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘हमने इस बारे में बातचीत की कि तमिल पुथांडु किस तरह हमारे पूर्वजों की सोच को दर्शाता है और परंपरा, परिवार, अध्यात्म तथा अनुशासित जीवनशैली को साथ में लाता है।’’
 
राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया पर लोगों को पुथांडु, बैसाखी, रोंगाली बिहू, महा बिशुबा पाना संक्रांति, पोइला बोइशाख और विशु के मौके पर बधाई दी।
 
उन्होंने कहा, ‘‘ये जीवंत पर्व एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को दिखाते हैं और हमारे देश की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता का उत्सव मनाते हैं।’’