प्रधानमंत्री ने वैश्विक अस्थिरता के बीच आर्थिक वृद्धि पर ईएसी के साथ की चर्चा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-06-2026
PM discusses economic growth with EAC amid global volatility
PM discusses economic growth with EAC amid global volatility

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को 'प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद' (ईएसी-पीएम) के सदस्यों के साथ बैठक कर वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत की आर्थिक वृद्धि को तेज करने के उपायों पर चर्चा की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
 
ईएसी-पीएम के सदस्यों ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के भारत और दुनिया पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर आकलन भी पेश किया।
 
प्रधानमंत्री और उनकी सलाहकार परिषद के सदस्यों ने मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बीच आर्थिक वृद्धि को मजबूत करने के लिए कई विचारों एवं नीतिगत उपायों पर चर्चा की।
 
सूत्रों ने कहा कि इस बैठक में ‘जीवन की सुगमता’ और ‘कारोबारी सुगमता’ को और बेहतर बनाने से जुड़े विभिन्न सुधारों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
 
ईएसी एक स्वतंत्र निकाय है जो भारत सरकार, विशेष रूप से प्रधानमंत्री को आर्थिक एवं संबंधित मुद्दों पर सलाह देता है।
 
इस बैठक में सलाहकार परिषद के सदस्यों के अलावा प्रधानमंत्री के प्रधान सचिवों पी.के. मिश्रा एवं शक्तिकांत दास भी शामिल हुए।
 
वर्तमान में ईएसी में एक चेयरमैन, तीन पूर्णकालिक सदस्य और 11 अंशकालिक सदस्य हैं। इसके प्रमुख एस. महेंद्र देव हैं, जबकि संजय कुमार मिश्रा, संजीव सान्याल और शामिका रवि पूर्णकालिक सदस्य हैं।