School and college students join CJP's agitation, demand political accountability
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी और अभिभावक पहुंचे तथा कई लोगों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को लेकर उनकी चिंताओं ने उन्हें यहां आने के लिए प्रेरित किया।
शनिवार सुबह से जुटनी शुरू हुई भीड़ दिनभर बढ़ती रही।
आंदोलन में शामिल लोगों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि परीक्षाओं को लेकर बार-बार सामने आने वाले विवाद, परिणामों को लेकर अनिश्चितता और अधिकारियों की जवाबदेही की कमी ने व्यवस्था पर उनका भरोसा कमजोर कर दिया है।
कुछ लोगों ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी दलों दोनों से निराशा जताते हुए कहा कि युवाओं से जुड़े मुद्दों को पर्याप्त महत्व नहीं मिल रहा।
अपनी तीन बेटियों के साथ विरोध प्रदर्शन में पहुंचीं नुसरत परवीन ने कहा कि उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान छात्रों पर पड़ने वाले दबाव को करीब से देखा है।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे बच्चे अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं और एक अभिभावक के रूप में मैं भी वही दबाव महसूस करती हूं।’’
उनकी बेटी रजदा स्नातक की छात्रा है जबकि इकरा 11वीं कक्षा में पढ़ती है। उन्होंने कहा कि परीक्षा और दाखिले से जुड़ी चिंताएं छात्रों के बीच निरंतर चर्चा का विषय बन गई हैं।
रजदा ने कहा, ‘‘शिक्षा अब पैसे कमाने का जरिया बन गई है।’’
वहीं, इकरा ने भविष्य को लेकर बनी अनिश्चितता की बात कही।
उनकी बहन जिकरा परवीन ने कहा कि छात्र अक्सर संभावित परिणामों के आधार पर अपने भविष्य की योजना बना लेते हैं, लेकिन बाद में नयी अनिश्चितताओं का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने अपने अंक जोड़ लिए थे और कॉलेजों के बारे में सोच रहे थे। फिर हमें पता चला कि परीक्षा रद्द कर दी गई है।’’