जयललिता की 78वीं जयंती पर प्रधानमंत्री और अन्य नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 24-02-2026
PM and other leaders pay tribute to Jayalalithaa on her 78th birth anniversary
PM and other leaders pay tribute to Jayalalithaa on her 78th birth anniversary

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री दिवगंत जे जयललिता की 78वीं जयंती पर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री मोदी ने जयललिता को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने एक प्रभावशाली नेता और उत्कृष्ट प्रशासक के रूप में असंख्य लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाई।
 
मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “उनका जीवन अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प से परिपूर्ण था। तमिलनाडु की मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने महिला सशक्तीकरण, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास पर विशेष ध्यान देते हुए कल्याणकारी शासन का नेतृत्व किया। वह करुणामयी और निर्णायक दोनों थीं।”
 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर कहा कि गरीबों के कल्याण और महिला सशक्तीकरण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के माध्यम से उन्होंने तमिलनाडु के विकास को नया रूप दिया और यह सुनिश्चित किया कि शासन पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
 
शाह ने कहा, ‘‘जनसेवा के प्रति उनका समर्पण सदा प्रेरणादायक रहेगा।’’
 
ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव ई. के पलानीस्वामी ने कहा कि जयललिता अन्नाद्रमुक की पहचान और गरीबों की ‘‘आशा’’ हैं।