आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय पैरालंपिक समिति (पीसीआई) और सीपीएसएफआई (सेरेब्रल पाल्सी स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) ने बुधवार को 2029 ‘वर्ल्ड एबिलिटीस्पोर्ट गेम्स’ की मेजबानी के लिए भारत की बोली पेश करने के लिए एक समझौते पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
प्रस्तावित ‘वर्ल्ड एबिलिटीस्पोर्ट गेम्स’ में दुनिया भर के सदस्य देशों से 1,500 से अधिक खिलाड़ी, टीम अधिकारी, तकनीकी प्रतिनिधि और सहयोगी स्टाफ के भाग लेने की उम्मीद है।
इन खेलों में पैरा एथलेटिक्स, पैरा तैराकी, पैरा बैडमिंटन, पैरा तलवारबाजी, सीपी फुटबॉल, पैरा टेबल टेनिस और पैरा व्हीलचेयर बास्केटबॉल जैसी प्रतियोगिताएं शामिल किए जाने की संभावना है।
मेजबानी की दावेदारी के तहत चेन्नई और भुवनेश्वर को संभावित मेजबान शहरों के रूप में विचार किया जा रहा है।
भारत की पैरालंपिक समिति के अध्यक्ष देवेंद्र झाझड़िया ने कहा, ‘‘पिछले एक दशक में भारत में पैरालंपिक आंदोलन ने उल्लेखनीय प्रगति की है। 2029 ‘वर्ल्ड एबिलिटीस्पोर्ट गेम्स’ की मेजबानी इस यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी। ’’