‘Paschimbanga Day’ is being officially celebrated for the first time: Shubhendu Adhikari
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 20 जून की तारीख को पश्चिम बंगाल के इतिहास में सबसे महत्वपूर्ण और भविष्य की रूपरेखा तय करने वाले दिनों में एक करार देते हुए कहा कि उनकी सरकार राज्य के गठन से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं को पूरी मान्यता देते हुए पहली बार आधिकारिक तौर पर ‘पश्चिमबंग दिवस’ मना रही है।
शुभेंदु ने सोशल मीडिया पोस्ट में राज्य के लोगों को बधाई दी और कहा कि भाजपा सरकार पश्चिम बंगाल के गठन के पीछे की ‘‘वास्तविक ऐतिहासिक कहानी’’ को पुन: स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, ‘‘आज, 20 जून, पश्चिम बंगाल के इतिहास में एक बेहद अहम दिन है और बंगालियों के लिए किस्मत तय करने वाला दिन है। इस ऐतिहासिक दिन पर, मैं राज्य के सभी निवासियों को दिल से बधाई देता हूं और केसरिया अभिवादन करता हूं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई दशकों के बाद, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों से प्रेरित एक सरकार औपचारिक रूप से ‘पश्चिम बंगाल दिवस’ मना रही है तथा राज्य के गठन से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं के सही क्रम को पूरी मान्यता भी दे रही है।
शुभेंदु ने कहा, ‘‘हमारे इतिहास को मिटाने की घिनौनी साजिश आज खत्म हो गई है। वोट-बैंक की राजनीति और तुष्टीकरण के काले अध्याय का अंत हो गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से, पिछली सरकार ने सिर्फ अपने वोट बैंक को बचाने और तुष्टीकरण की राजनीति करने के लिए इस पवित्र दिन के महत्व को पूरी तरह से दबाने की कोशिश की थी। बंगाली अस्मिता के लिए हुए इस संघर्ष को इतिहास के पन्नों से मिटाने की कोशिश की गई, ताकि लोग अपनी जड़ों और पश्चिम बंगाल के गठन के पीछे के असली नायकों को भूल जाएं।’’