आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली में सुबह की शुरुआत बादलों से घिरे आसमान और हवादार, खुशनुमा मौसम के साथ हुई। रात भर हुई बारिश के बाद शुक्रवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 22.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
राष्ट्रीय राजधानी के मुख्य मौसम निगरानी केंद्र सफदरजंग ने न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से 5.2 डिग्री कम है और यह 24 घंटों में 7.2 डिग्री की भारी गिरावट दर्शाता है।
वहीं पालम में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 6.5 डिग्री कम है जो 24 घंटे में सात डिग्री की गिरावट दिखाता है।
लोधी रोड पर 22 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जो सामान्य से छ डिग्री कम है और पिछले दिन की तुलना में 6.8 डिग्री नीचे है। रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 5.7 डिग्री कम है और इसमें 24 घंटों में 7.5 डिग्री की गिरावट देखी गई। वहीं अयानगर में तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.9 डिग्री कम है और यहां सबसे बड़ी आठ डिग्री की गिरावट आई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने दोपहर से लेकर शाम तक आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश, बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।
आईएमडी के अनुसार शुक्रवार सुबह तक पिछले 24 घंटों में सफदरजंग में 11.2 मिमी, पालम में 4.2 मिमी, लोधी रोड में 9.8 मिमी, रिज में 6 मिमी और अयानगर में 12.4 मिमी कुल बारिश दर्ज की गई।
‘स्काईमेट वेदर’ के उपाध्यक्ष महेश पालावत ने कहा कि मध्य पाकिस्तान और उससे सटे इलाकों के ऊपर बने एक चक्रवाती परिसंचरण के कारण इस क्षेत्र में तेज हवाएं और छिटपुट बारिश हो रही है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार से मानसून पूर्व गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है जिससे दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में तेज बारिश होगी।
शुक्रवार सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्य़ूआई) 93 रहा जो "संतोषजनक" श्रेणी में आता है।