आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने पर उनकी तारीफ की और कहा कि मोदी सिर्फ सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री नहीं बल्कि दुनिया भर में भारत का मान बढ़ाने वाले सबसे बेहतरीन प्रधानमंत्री हैं।
फडणवीस ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की तस्वीर बदल दी है और हर क्षेत्र में बदलाव लाए हैं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने देश के सबसे लंबे समय तक चुने गए प्रधानमंत्री बनने पर मोदी को बधाई देते हुए कहा कि इस उपलब्धि का महत्व सिर्फ उनके कार्यकाल की अवधि में नहीं बल्कि उस दौरान लाए गए बदलावों में है।
फडणवीस ने कहा, “यह इसलिए महत्वपूर्ण नहीं है कि उन्होंने (मोदी ने) इतने लंबे समय तक सेवा की है। महत्वपूर्ण बात यह है कि उन्होंने देश की तस्वीर बदली है और दुनिया भर में भारत का मान बढ़ाया है।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 22 राज्यों में सत्ता में है और देश की लगभग 80 प्रतिशत आबादी इसी गठबंधन द्वारा शासित राज्यों में रहती है।
फडणवीस ने दावा किया कि मोदी की लोकप्रियता दुनिया भर में बेजोड़ है और कहा कि अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां लगातार उन्हें दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता मानती रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है और 80 करोड़ नागरिकों को खाद्य सुरक्षा दी है।
उन्होंने पीएम-किसान, आयुष्मान भारत, जन धन योजना, पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना और लखपति दीदी कार्यक्रम जैसी कल्याणकारी योजनाओं का भी जिक्र किया।
फडणवीस ने कहा कि अच्छा शासन व कुशल प्रशासन मोदी के कार्यकाल की बड़ी ताकत रही है और बताया कि अलग-अलग योजनाओं के जरिए नागरिकों के बैंक खातों में सीधे 51 लाख करोड़ रुपये अंतरित किए गए हैं।
उन्होंने अर्थव्यवस्था के बारे में कहा, “वैश्विक मंदी को लेकर कुछ लोगों की चिंताओं के बावजूद भारत दुनिया की “चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था” बन गया है और ‘सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था’ बना हुआ है।”