एयर इंडिया के निवर्तमान सीईओ विल्सन एयर न्यूजीलैंड के निदेशक मंडल में शामिल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-08-2026
Outgoing Air India CEO Wilson joins Air New Zealand board of directors
Outgoing Air India CEO Wilson joins Air New Zealand board of directors

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 विमानन कंपनी एयर न्यूजीलैंड ने एयर इंडिया के निवर्तमान मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कैंपबेल विल्सन को अपने निदेशक मंडल में शामिल किया है।

घाटे में चल रही एयर इंडिया और उसके बदलाव संबंधी प्रयासों का नेतृत्व कर रहे विल्सन सितंबर में विमानन कंपनी के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) पद से हटेंगे। एयर इंडिया ने सात अप्रैल को उनके इस्तीफे की घोषणा की थी।
 
एयर न्यूजीलैंड ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘‘ विमानन कंपनी के पूर्व कार्यकारियों कैंपबेल विल्सन और रॉबर्ट मैकडोनाल्ड को निदेशक मंडल में शामिल किया गया है। यह नियुक्ति एएसएम में मतदान के जरिये उनके पुनर्निर्वाचन के अधीन है।’’
 
विमानन कंपनी की वार्षिक आम बैठक (एएसएम) 24 सितंबर को होगी।
 
विल्सन न्यूजीलैंड के मूल निवासी हैं।
 
रॉबर्ट मैकडोनाल्ड एयर न्यूजीलैंड के पूर्व मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) हैं और फिलहाल वीरो इंश्योरेंस न्यूजीलैंड के चेयरमैन तथा कॉन्टैक्ट एनर्जी लिमिटेड के चेयरमैन हैं।
 
फिलहाल एयर न्यूजीलैंड के निदेशक मंडल में चेयरमैन डेम थेरेस वॉल्श समेत सात सदस्य हैं। इनमें से एक सदस्य लैरी डी शॉन अगले महीने सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
 
विल्सन ने जून में ब्राजील में ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ बातचीत में कहा था कि वह किसी अन्य विमानन कंपनी में कार्यकारी पद नहीं संभालेंगे। पूर्णकालिक कार्यकारी कामों से दूर रहूंगा।
 
विल्सन के पास विमानन क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का अनुभव है और उन्होंने सिंगापुर एयरलाइंस में विभिन्न वरिष्ठ कार्यकारी पदों पर काम किया है।
 
गौरतलब है कि एयर इंडिया ने इथियोपियन एयरलाइंस समूह के पूर्व प्रमुख टेवोल्डे गेब्रेमरियम को अपना सीईओ एवं एमडी नियुक्त किया है।