Opposition's 'Jan Mahabhiyog' programme postponed due to rain, to be held on Saturday
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने प्रतिकूल मौसम और लगातार बारिश के कारण मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शुक्रवार को प्रस्तावित ‘‘जन महाभियोग’’ कार्यक्रम शनिवार तक के लिए स्थगित कर दिया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संवाददाताओं से कहा कि विपक्षी दलों ने आम सहमति से शुक्रवार का कार्यक्रम शनिवार को उसी समय आयोजित करने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘बारिश के कारण हमें लगा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए इसमें बैठना असुविधाजनक होगा। इसलिए हमने ठीक यही कार्यक्रम कल आयोजित करने का फैसला किया है।’’
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि इस कार्यक्रम के बाद रविवार को रामलीला मैदान तक मार्च निकाला जाएगा, जिसमें विपक्षी दलों के साथ ही राजनीतिक और गैर-राजनीतिक संगठन, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक समाज के लोग आमंत्रित हैं।
गांधी ने आरोप लगाया कि दोनों कार्यक्रम ‘‘भारतीय लोकतंत्र को कमजोर किए जाने’’ के खिलाफ हैं।