एसआईआर में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्ष का पटना में प्रदर्शन, सीईसी को हटाने की मांग

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-10-2026
Opposition protests in Patna over alleged irregularities in SIR, demands removal of CEC
Opposition protests in Patna over alleged irregularities in SIR, demands removal of CEC

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर बुधवार को बिहार की राजधानी पटना में प्रदर्शन किया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
 
पटना के आयकर गोलंबर पर आयोजित विरोध मार्च के दौरान विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सीईसी ज्ञानेश कुमार के पुतले जलाए।
 
यह प्रदर्शन ‘इंडिया’ गठबंधन द्वारा राज्यभर में आयोजित ‘आक्रोश मार्च’ के तहत किया गया।
 
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता एजाज अहमद ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सीईसी ज्ञानेश कुमार ने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ मिलीभगत कर एसआईआर के जरिये तीन राज्यों के लोगों को गुमराह किया और भाजपा ने इन तीनों राज्यों में चुनाव जीत लिया।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘बिहार से उठ रही ‘ज्ञानेश हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ की आवाज सीईसी के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन को मजबूत करेगी।’’
 
अहमद ने मोदी-शाह की जोड़ी पर देश में ‘‘लोकतंत्र खत्म करने’’ के प्रयास का आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष यह सुनिश्चित करेगा कि उनका यह प्रयास ‘‘पूरी तरह विफल’’ हो।