आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष पूरे होने पर बुधवार को उनकी सराहना करते हुए कहा कि वह ऐसे संकल्प के साथ अडिग खड़े रहे, जिसने हर ‘पहाड़’ को झुकने पर मजबूर कर दिया।
वहीं, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वामी विवेकानंद का उल्लेख करते हुए कहा कि 100 वर्ष से भी अधिक पहले एक नरेन्द्र ने भारत के ‘विश्वगुरु’ बनने का सपना देखा था और वह सपना दूसरे नरेन्द्र के नेतृत्व में साकार हो रहा है।
पार्टी ने सोशल मीडिया मंचों पर कई वीडियो भी जारी किए और कहा कि मोदी ने विपक्ष के हर प्रहार का अपने काम के जरिये जवाब दिया है।
भाजपा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह ऐसे दृढ़ नेतृत्व की गाथा है जो न झुका, न रुका और न कभी रुकेगा।’’
पार्टी ने कहा, ‘‘अनगिनत चुनौतियों के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जीवन यात्रा उनके दृढ़ निश्चय का प्रमाण है। विपक्ष के हर प्रहार का उन्होंने अपने काम, आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण और राष्ट्र के विकास के जरिये जवाब दिया है।’’
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर अपनी 25 वर्ष की ‘‘स्वर्णिम यात्रा’’ के दौरान मोदी ने ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ जनसेवा और सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
उन्होंने कहा, ‘‘यह केवल एक कालखंड नहीं, बल्कि स्पष्ट नजरिये, दृढ़ संकल्प और आधुनिक भारत के निर्माण का एक ऐतिहासिक अध्याय है।’’