आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बुधवार को विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे लोकसभा में प्रश्नपत्र लीक होने से रोकने संबंधित विधेयक पर चर्चा से ध्यान भटकाने के लिए अन्य मुद्दे उठा रहे हैं।
रीजीजू ने कहा कि विपक्षी नेता चर्चा के दौरान राजनीति करने में व्यस्त रहे। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार को लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर अपनी बात रखेंगे।
लोकसभा में इस विधेयक पर मंगलवार से चर्चा शुरू हुई थी। सरकार ने इसे छात्रों के हितों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने वाला कदम बताया है।
कल चर्चा के दौरान विपक्ष ने 20 जुलाई को कॉकरेज जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस के बल प्रयोग को लेकर केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर निशाना साधा था। विपक्ष ने कहा था कि लाठी का हर प्रहार युवाओं की पीठ से ज्यादा सरकार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा रहा है।
संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में रीजीजू ने कहा, ‘‘कांग्रेस नेताओं ने विधेयक पर बिल्कुल बात नहीं की। वे केवल राजनीति कर रहे थे। हमें उम्मीद है कि राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेता आज विधेयक पर अपनी बात रखेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इतने महत्वपूर्ण विधेयक पर चर्चा हो रही है, लेकिन वे इससे जुड़े विषयों पर बात करने के बजाय अन्य मुद्दे उठाकर ध्यान भटकाने और इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं।’’