नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। इससे पहले प्रधानमंत्री ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के बलिदान को याद किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपने आज भी देश को विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों की ताकत से देश विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की नई ऊंचाइयां हासिल कर रहा है और विकास की यह यात्रा आने वाले समय में और तेज हो।
भारत को 15 अगस्त 1947 को ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन से आजादी मिली थी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दिल्ली के लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। यह लाल किले से उनका लगातार 13वां स्वतंत्रता दिवस संबोधन होगा।
इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने और ‘युवा शक्ति’ की भूमिका पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पहली बार लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन भी होगा।
लाल किले पर प्रधानमंत्री का स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह करेंगे। इसके बाद उन्हें सेना, नौसेना, वायुसेना और दिल्ली पुलिस के जवानों की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर पर पहुंचकर तिरंगा फहराएंगे। इस दौरान कैप्टन सोनिया सिंह चौहान उनकी सहायता करेंगी। ध्वजारोहण के साथ 1721 फील्ड बैटरी (सेरेमोनियल) द्वारा स्वदेशी 105 मिमी लाइट फील्ड गनों से 21 तोपों की सलामी दी जाएगी।
ध्वजारोहण के बाद सेना, नौसेना, वायुसेना और दिल्ली पुलिस के जवानों से गठित नेशनल फ्लैग गार्ड प्रधानमंत्री को राष्ट्रीय सलामी देगा। इसके बाद सेना का बैंड ‘वंदे मातरम्’ की धुन बजाएगा और समारोह में मौजूद लोग इसका सामूहिक गायन करेंगे। इसके बाद राष्ट्रगान होगा।
भारतीय वायुसेना के दो एमआई-17 हेलीकॉप्टर समारोह स्थल पर पुष्पवर्षा करेंगे। इनमें से एक हेलीकॉप्टर राष्ट्रीय ध्वज और दूसरा ‘वंदे मातरम्’ अंकित ध्वज लेकर उड़ेगा।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद एनसीसी कैडेट और ‘मेरा भारत’ (My Bharat) के स्वयंसेवक ‘वंदे मातरम्’ का गायन करेंगे, जिसके बाद राष्ट्रगान होगा।
समारोह में सेना, नौसेना और वायुसेना के कुल 2,500 छात्र-छात्रा कैडेट तथा ‘मेरा भारत’ के स्वयंसेवक हिस्सा लेंगे। वे ज्ञानपथ पर बैठकर ‘वंदे मातरम्’ शब्द की आकृति बनाएंगे। ज्ञानपथ पर ‘विकसित भारत@2047’ की थीम प्रदर्शित करने वाले व्यू कटर भी लगाए जाएंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में समाज के विभिन्न वर्गों से करीब 5,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें महिला उद्यमी, सफाईकर्मी, स्ट्रीट वेंडर, युवा इनोवेटर, वैज्ञानिक, स्टार्टअप संस्थापक, कारीगर, किसान, विद्यार्थी और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी शामिल हैं।
इसके अलावा विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 1,500 से अधिक लोग पारंपरिक परिधानों में समारोह में शामिल होंगे।