पचपदरा रिफाइनरी का 85 फीसदी काम कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पूरा हुआ:गहलोत

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 04-07-2026
completed during the Congress government's tenure: Gehlot
completed during the Congress government's tenure: Gehlot

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान की पचपदरा रिफाइनरी के काम को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान पर पलटवार करते हुए शनिवार को कहा कि इसका 85 प्रतिशत काम 2018 से 2023 के बीच पूरा हुआ जब राज्य में कांग्रेस की सरकार थी।
 
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को इस रिफाइनरी का उद्घाटन किया।
 
इस अवसर पर आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि 2018 से 2023 तक राजस्थान में कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन कांग्रेस के असहयोग के कारण यहां का काम लगभग ठप पड़ गया था। लेकिन जैसे ही 'डबल इंजन' सरकार आई इसका काम तेजी से आगे बढ़ा।
 
गहलोत ने एक बयान में कहा,‘‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकारी कार्यक्रमों में भी भाजपा नेता बनकर ही व्यवहार करते हैं।’’
 
कांग्रेस नेता ने कहा,‘‘आज प्रधानमंत्री ने रिफाइनरी के उद्घाटन पर कहा कि 2018 से 2023 तक कांग्रेस सरकार के दौरान रिफाइनरी का काम ठप रहा और भाजपा के ढाई साल में काम पूरा हुआ। ऐसी बातें सुनने में हास्यास्पद लगती हैं।’’
 
गहलोत ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी, आपको रिफाइनरी के काम से जुड़े लोगों से पूछना चाहिए था। वे आपको बताते कि कांग्रेस सरकार में 'कोरोना' जैसी मुश्किल परिस्थिति में भी यहां काम नहीं रुका और रिफाइनरी का 85 फीसदी काम 2018 से 2023 के बीच पूरा हुआ।’’