लोस अध्यक्ष को हटाने का नोटिस: बिरला सदन में उपस्थित रहेंगे, लेकिन कार्यवाही का संचालन नहीं करेंगे

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-03-2026
Notice to remove Lok Sabha Speaker: Birla to be present in the House but not conduct proceedings
Notice to remove Lok Sabha Speaker: Birla to be present in the House but not conduct proceedings

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
अगले सोमवार को लोकसभा में एक खास पल देखने को मिलेगा जब अध्यक्ष ओम बिरला कार्यवाही की अध्यक्षता नहीं करेंगे, बल्कि सदस्यों के बीच बैठेंगे, जब सदन में उन्हें पद से हटाने के लिए दिए गए एक नोटिस को विचारार्थ लिया जाएगा।
 
बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत नौ मार्च को होगी। लोकसभा में बिरला के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए प्रस्ताव पर उस दिन चर्चा हो सकती है। प्रस्ताव में बिरला पर ‘‘खुलकर भेदभाव’’ करने का आरोप लगाया गया है।
 
नियमों और तय प्रक्रिया के अनुसार, जब निचले सदन में प्रस्ताव पर चर्चा होगी, तो बिरला को अपना बचाव करने का अधिकार होगा। संविधान विशेषज्ञ पी डी टी आचारी ने बताया कि उन्हें प्रस्ताव के खिलाफ मत देने का भी अधिकार होगा।
 
विशेषज्ञ ने कहा कि जब प्रस्ताव सदन के सामने आएगा, तो बिरला कार्यवाही की अध्यक्षता नहीं करेंगे, बल्कि सत्तापक्ष की अग्रिम पंक्ति में बैठेंगे।
 
कम से कम 118 विपक्षी सदस्यों ने बिरला को पद से हटाने के लिए एक प्रस्ताव पेश करने का नोटिस दिया था। विपक्ष ने अपने नोटिस में आरोप लगाया है कि बिरला ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर सदन में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और दूसरे विपक्षी नेताओं को बोलने नहीं दिया।
 
कांग्रेस सदस्य और लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक के सुरेश ने अपनी पार्टी, समाजवादी पार्टी और द्रमुक समेत कई विपक्षी पार्टियों की ओर से लोकसभा सचिवालय को यह नोटिस दिया।