आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को कोलकाता में पार्टी के मार्च का नेतृत्व करेंगे।
यह मार्च देशभर में भाजपा की निर्वाचित सरकारों को अस्थिर करने के विपक्षी दलों के कथित प्रयासों के खिलाफ जनता का समर्थन जुटाने के लिए निकाला जा रहा है।
‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा अपराह्न तीन बजे कॉलेज स्ट्रीट से शुरू होगी और एस्प्लेनेड में समाप्त होगी। इसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
भाजपा नेताओं ने बताया कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी इस मार्च में शामिल हो सकते हैं।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि करीब पांच किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा का उद्देश्य ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विपक्षी दलों द्वारा निर्वाचित सरकारों को कमजोर करने के कथित प्रयासों का जवाब देना है।
उन्होंने बताया कि नवीन अपराह्न ढाई बजे कोलकाता पहुंचेंगे और मार्च के बाद शाम साढ़े छह बजे नयी दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
कोलकाता में यह मार्च दिल्ली में विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की रविवार को हुई विशाल रैली के एक दिन बाद निकाला जा रहा है। इसे विपक्ष के राजनीतिक लामबंदी के प्रयासों का मुकाबला करने की भाजपा की कोशिशों के तौर पर देखा जा रहा है।