Nitin Naveen chaired the meeting of newly appointed in-charges of BJP state units
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के नवनियुक्त प्रभारियों और सह-प्रभारियों की पहली बैठक की अध्यक्षता की।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों में पार्टी इकाइयों के प्रभारी और सह-प्रभारी के रूप में हाल में नियुक्त सभी नेताओं ने बैठक में हिस्सा लिया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी. एल. संतोष ने बैठक की सह-अध्यक्षता की।
बैठक में भाजपा के उपाध्यक्ष राम माधव, बैजयंत जय पांडा, रेखा वर्मा और भारती प्रवीण पवार शामिल हुए।
भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, हरीश द्विवेदी, सतीश पूनिया और बिप्लब कुमार देब के साथ-साथ पार्टी के राज्यसभा सदस्य तरुण चुग भी बैठक में शामिल हुए।
दिल्ली से भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज और कमलजीत सहरावत भी बैठक में मौजूद थीं।
नवीन ने 23 सितंबर को सभी 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों के लिए भाजपा के प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए थे। उन्होंने हरियाणा और छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी स्मृति ईरानी को सौंपी थी। तमिलनाडु और उत्तराखंड का प्रभार पार्टी उपाध्यक्ष राम माधव को दिया गया था।