आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अगले महीने होने वाले बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए चार सीट पर अपने उम्मीदवारों की मंगलवार को घोषणा की।
राज्य की जिन आठ विधान परिषद सीट पर चुनाव होना है, उनमें से तीन पर भाजपा ने मौजूदा विधान परिषद सदस्यों को ही फिर से मैदान में उतारा है।
इससे पहले, बिहार में पांच दलों वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के दूसरे सबसे बड़े घटक जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) ने चार अन्य निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी।
भाजपा ने पटना शिक्षक, कोसी स्नातक और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से मौजूदा विधान परिषद सदस्यों-क्रमशः नवल किशोर यादव, डॉ. एनके यादव और सर्वेश कुमार को फिर से अपना उम्मीदवार बनाया है।
पार्टी ने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र कुमार सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। यह सीट वर्तमान में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के संजय कुमार सिंह के पास है।