पटना
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार को अपने गृह राज्य बिहार के दौरे के दौरान राजधानी पटना में स्थित तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब गुरुद्वारा सहित दो प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना की। यह गुरुद्वारा सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोबिंद सिंह की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। नबीन ने यहां मत्था टेककर श्रद्धा व्यक्त की।
इस अवसर पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इससे पहले दिन की शुरुआत में नितिन नबीन ने बांस घाट के पास स्थित सिद्धेश्वरी काली मंदिर और ऐतिहासिक गोलघर के समीप मां अखंडवासिनी मंदिर में भी दर्शन किए। उनके साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित अन्य पार्टी नेता भी उपस्थित थे।
भाजपा के बिहार मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का पद संभालने के बाद बिहार की यह उनकी पहली यात्रा है, जिस पर उन्हें भव्य स्वागत मिला। उन्होंने कहा कि नबीन ने काली मंदिर और गोलघर के पास स्थित मंदिर में पूजा कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की।
इकबाल ने यह भी जानकारी दी कि नितिन नबीन अपने विधानसभा क्षेत्र बांकीपुर के पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों से भी मुलाकात करेंगे और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।
गौरतलब है कि नितिन नबीन को 14 दिसंबर को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था और उन्होंने अगले दिन पदभार संभाला था। बिहार दौरे के पहले दिन उन्होंने पटना में एक भव्य रोड शो का नेतृत्व किया, जो हवाई अड्डे के पास स्थित अरण्य भवन से शुरू होकर वीरचंद पटेल पथ स्थित भाजपा कार्यालय के निकट मिलर हाई स्कूल मैदान तक गया।
मिलर हाई स्कूल मैदान में आयोजित अभिनंदन समारोह में नबीन ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया। इसके अलावा उन्होंने बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आधिकारिक आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की।
पांच बार के विधायक नितिन नबीन बांकीपुर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। वे इससे पहले भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और छत्तीसगढ़ के पार्टी प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।