कोलकाता के एक होटल में भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत, मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-08-2026
Nine people died in a massive fire at a Kolkata hotel, including a Bangladeshi national.
Nine people died in a massive fire at a Kolkata hotel, including a Bangladeshi national.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट में स्थित एक जर्जर पांच मंजिला इमारत में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से चार वर्षीय बच्चे समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और छह अन्य झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आग रात करीब एक बज कर 45 मिनट पर लगी। आग बुझाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के कर्मचारी भी बचाव अभियान के लिए घटनास्थल पर पहुंचे।
 
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इस पांच मंजिला इमारत से 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
 
दमकल मंत्री कौशिक चौधरी ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। घटनास्थल का दौरा करने के बाद उन्होंने कहा कि मृतकों में भारतीय और बांग्लादेशी, दोनों नागरिक दोनों शामिल हैं।
 
चौधरी ने कहा, ‘‘ हम मृतकों की शिनाख्त की कोशिश कर रहे हैं। इमारत के अंदर की स्थिति बहुत खराब है। इस इमारत में कई होटल हैं। यहां जो कुछ चल रहा था, उसे देखकर मैं स्तब्ध हूं।’’
 
आग लगने के कारण के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि यह शॉर्ट सर्किट की वजह से हो सकती है, लेकिन फॉरेंसिक जांच से ही पता चल पाएगा कि आग किस वजह से लगी।
 
मंत्री ने कहा, "इमारत प्रबंधन ने बुनियादी सुरक्षा और निर्माण मानदंडों का पालन नहीं किया। आरोप है कि होटल के संचालन में कई अनियमितताएं थीं।"
 
उन्होंने बताया कि घायलों को पास के एक अस्पताल में ले जाया गया है।