आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने मादक पदार्थ और आतंकवाद से जुड़ी साजिश में 500 किलोग्राम हेरोइन की तस्करी के मामले में अमृतसर में एक कथित मादक पदार्थ तस्कर की दो अचल संपत्ति को कुर्क किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि अमृतसर के आकाश विहार (फेज-एक) और सुल्तानविंड में स्थित ये संपत्ति आरोपी अनवर मसीह के नाम पर पंजीकृत हैं।
इस मामले को आमतौर पर ‘सलाया मादक पदार्थ जब्ती मामला’ कहा जाता है। यह समुद्री रास्ते से पाकिस्तान से भारत में 500 किलोग्राम हेरोइन की तस्करी से जुड़ा है।
एनआईए के मुताबिक, जांच में यह पता चला कि मसीह एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क में शामिल था जो इटली, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), थाईलैंड, ईरान और पाकिस्तान तक फैला हुआ है।
एनआईए द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह नेटवर्क नशीले पदार्थों की तस्करी और वितरण में शामिल था और इससे होने वाली कमाई का इस्तेमाल पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़ी आतंकी गतिविधियों के वित्त पोषण के लिए करता था।
एजेंसी ने कहा कि जांच में कुर्क की गई संपत्ति का आतंकवाद से जुड़ी कमाई से संबंध साबित हुआ है, जिसके कारण आतंकवाद रोधी कानून के तहत उन्हें जब्त किया गया है।
बयान में कहा गया है कि संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई 13 अगस्त को गवाहों की मौजूदगी और राजस्व अधिकारियों की मदद से की गई।
जांच एजेंसी ने बताया कि कुर्की का आदेश दोनों संपत्ति चस्पा करने से पहले उसे पढ़कर सुनाया गया और कुर्की का ज्ञापन तैयार किया गया।
इस मामले में अब तक 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।