आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
न्यू मेक्सिको के एक न्यायाधीश ने मेटा के खिलाफ एक अहम फैसला सुनाते हुए कंपनी के सोशल मीडिया मंचों की तुलना कारखानों से की और कहा कि फेसबुक और इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करने वाले बच्चों को होने वाली मानसिक क्षति को इन मंचों से निकलने वाले प्रदूषण की तरह देखा जा सकता है।
न्यायाधीश ब्रायन बिडशीड ने बृहस्पतिवार को दिए गए फैसले में मेटा पर 56.7 करोड़ डॉलर का जुर्माना लगाया और बच्चों को संभावित नुकसान से बचाने के लिए कई नए सुरक्षा उपायों का आदेश दिया। इनमें 18 वर्ष से कम उम्र के उपयोगकर्ताओं के लिए सोशल मीडिया इस्तेमाल की सीमा 90 घंटे प्रति माह तय करना, कृत्रिम मेधा (एआई) चैटबॉट पर प्रतिबंध और मंचों पर अनिवार्य चेतावनी शामिल हैं।
हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि इन उपायों को कैसे लागू किया जा सकेगा या वे बच्चों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी नुकसान से बचाने में कितने प्रभावी होंगे।
ये आदेश फिलहाल केवल न्यू मेक्सिको के बच्चों पर लागू होंगे। मेटा के लिए इन्हें लागू करने की कोई समय सीमा तय नहीं की गई है, वहीं कंपनी ने कहा है कि वह इस फैसले के खिलाफ अपील करेगी।