ABVP workers clash with police near Chief Minister's residence in Jharkhand, eight to ten people detained
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं की शुक्रवार को पुलिस से झड़प हो गई और आठ से 10 लोगों को हिरासत में ले लिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एबीवीपी की झारखंड इकाई ने प्रदर्शनकारी छात्रों के प्रति समर्थन जताने के लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से मुख्यमंत्री आवास तक मार्च निकाला।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री आवास के पास एबीवीपी कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प हुई और उन्होंने अवरोधक तोड़ने की कोशिश की। आठ से 10 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है और उन्हें लालपुर थाने ले जाया जाएगा।’’
हिरासत में लिए गए लोगों में एबीवीपी के पदाधिकारी प्रदीप शेखावत, पशुपतिनाथ उपमन्यु और प्रकाश टुटी शामिल हैं।
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) अजय आर्यन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से मुख्यमंत्री आवास की ओर विरोध मार्च निकाल रहे थे। किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति से बचने के लिए उन्हें सिदो-कान्हू पार्क के पास रोक दिया गया।’’