आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
देश में 2023 में 24,678 रेल दुर्घटनाओं में 21,803 लोग मारे गए, जिनमें महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक मौतें हुईं। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की वार्षिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है.
साल 2023 में, सभी रेल दुर्घटनाओं में से 56 मामले चालक की गलती के कारण हुए, जबकि 43 रेल हादसे खराब डिजाइन, पटरी की खराबी, पुल या सुरंग के ढहने आदि के कारण हुए.
एनसीआरबी की रिपोर्ट में कहा गया है कि रेलवे दुर्घटनाओं के वर्गीकरण के विश्लेषण से पता चला है कि सबसे ज्यादा 74.9 फीसदी (24,678 में से 18,480) रेल दुर्घटनाएं लोगों के ट्रेन से गिरने या पटरी पर ट्रेन की चपेट में आने के कारण हुईं, जबकि कुल 15,878 लोगों की मौत या तो ट्रेन से गिरने या पटरी पर ट्रेन की चपेट में आने के कारण हुई, जो रेलवे दुर्घटनाओं में हुई कुल मौतों का 72.8 फीसदी है.
रेल दुर्घटनाओं में 2022 की तुलना में 2023 में 6.7 फीसदी की वृद्धि हुई है। जहां 2023 में कुल 24,678 दुर्घटनाएं हुईं वहीं 2022 में 23,139 हादसे हुए थे.
एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार, 2023 में रेल दुर्घटनाओं में 3,014 लोग घायल हुए.