जयपुर में कल से राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन, मुख्यमंत्री भजनलाल करेंगे उद्घाटन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-06-2026
National e-Governance Conference to be held in Jaipur tomorrow
National e-Governance Conference to be held in Jaipur tomorrow

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को जयपुर में आयोजित होने वाले 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन (एनसीईजी) 2026 का उद्घाटन करेंगे। सम्मेलन का विषय ‘विकसित भारत 2047 : एआई-सक्षम, डेटा-संचालित और सुरक्षित डिजिटल गवर्नेंस’ रखा गया है।

दो दिवसीय इस सम्मेलन का आयोजन प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (मेइटी) द्वारा राजस्थान सरकार के सहयोग से किया जा रहा है।
 
राज्य सरकार के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। सम्मेलन में नीति-निर्माता, सरकारी अधिकारी, उद्योग विशेषज्ञ और शिक्षाविद शामिल होंगे, जो डिजिटल गवर्नेंस और जनसेवा वितरण को सशक्त बनाने में उभरती प्रौद्योगिकियों की भूमिका पर चर्चा करेंगे।
 
उन्होंने बताया कि केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार-2026 प्रदान करेंगे।
 
इस अवसर पर कुल 17 पुरस्कार दिए जाएंगे, जिनमें 10 स्वर्ण, छह रजत और एक जूरी पुरस्कार शामिल हैं। ये पुरस्कार केंद्र एवं राज्य सरकारों, जिला प्रशासनों, ग्राम पंचायतों तथा शैक्षणिक संस्थानों की उत्कृष्ट पहल के लिए प्रदान किए जाएंगे।
 
सम्मेलन में छह पूर्ण सत्र और छह विषयगत सत्र आयोजित होंगे। इनमें कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित प्रशासन, स्मार्ट पुलिसिंग एवं सार्वजनिक सुरक्षा, नागरिक-केंद्रित शासन, स्कूली शिक्षा में डिजिटल हस्तक्षेप, प्रौद्योगिकी आधारित शहरी परिवर्तन तथा सुरक्षित सार्वजनिक सेवाएं जैसे विषयों पर चर्चा होगी।