नालंदा विश्वविद्यालय का द्वितीय दीक्षांत समारोह, राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी शिरकत

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 31-03-2026
Nalanda University's Second Convocation: President Murmu to Attend
Nalanda University's Second Convocation: President Murmu to Attend

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में नालंदा विश्वविद्यालय का द्वितीय दीक्षांत समारोह मंगलवार को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विश्वविद्यालय ने यह जानकारी दी।
 
विश्वविद्यालय ने एक बयान में कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय की ‘विजिटर’ और राष्ट्रपति के रूप में द्रौपदी मुर्मू का यह राजगीर तथा विश्वविद्यालय का पहला दौरा होगा। समारोह के दौरान वह दीक्षांत भाषण देंगी, उपाधियां प्रदान करेंगी तथा मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी।
 
बयान में कहा गया है कि वह विश्वविद्यालय के 2000 सीट वाले नवनिर्मित सभागार “विश्वमित्रालय” का उद्घाटन भी करेंगी।
 
इस वर्ष दीक्षांत समारोह में 31 देशों के कुल 617 विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
 
उल्लेखनीय है कि यह विश्वविद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक अवसर होगा, क्योंकि नए स्थायी परिसर में आयोजित होने वाला यह पहला दीक्षांत समारोह होगा। इस परिसर का उद्घाटन जून 2024 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था।