नगालैंड सरकार ने वंदे मातरम् के अनिवार्य गायन के खिलाफ प्रदर्शन वापस लेने की अपील की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-09-2026
Nagaland government appeals to withdraw protest against compulsory singing of Vande Mataram
Nagaland government appeals to withdraw protest against compulsory singing of Vande Mataram

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के अनिवार्य रूप से गायन के खिलाफ विधानसभा के बाहर नगा स्टूडेंट्स फेडरेशन (एनएसएफ) का विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। वहीं, सदन में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाया गया।

एनएसएफ सदस्यों ने केंद्र सरकार के फैसले का विरोध करते हुए ‘‘व्हेन द रोल इज कॉल्ड अप यॉन्डर’’, ‘‘ऑनवर्ड, क्रिश्चियन सोल्जर्स’’ और ‘‘आई हैव डिसाइडेड टू फॉलो जीसस’’ जैसे गीत गाए।
 
वंदे मातरम् के गायन का मुद्दा विधानसभा में उठाते हुए, नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के विधायक और एनएसएफ के पूर्व अध्यक्ष अचंबेमो किकोन ने कहा कि यह आंदोलन किसी खास निर्वाचन क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे राज्य से संबंधित है।
 
उन्होंने कहा कि विवाद वंदे मातरम् के अनिवार्य गायन को लेकर है और इस पर सदन में पहले ही काफी चर्चा हो चुकी है।
 
किकोन ने कहा कि मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने विभिन्न आदिवासी और राजनीतिक समूहों से जुड़े विधायकों की भावनाओं के साथ-साथ चर्च, नागरिक समाज संगठनों, आदिवासी संगठनों और एनएसएफ की राय पर गंभीरता से विचार किया है।