आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को फर्रुखाबाद में बाढ़ प्रभावित 1,000 परिवारों को राहत सामग्री वितरित की और कहा कि उनकी सरकार 102 गांवों में बाढ़ से प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता देगी।
उन्होंने बाढ़ से बेघर हुए परिवारों को भूमि आवंटन प्रमाण पत्र और राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष से वित्तीय सहायता भी वितरित की।
बाढ़ पीड़ितों को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, "मैं यहां आपको आश्वस्त करने आया हूं कि आपदा की इस घड़ी में आप अकेले नहीं हैं। डबल इंजन वाली एनडीए सरकार आपके साथ खड़ी है और यह सुनिश्चित करेगी कि आपकी आवश्यकताओं के अनुसार हरसंभव मदद आप तक पहुंचे।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने जिले की तीनों बाढ़ प्रभावित तहसीलों - सदर, कायमगंज और अमृतपुर - का निरीक्षण किया है और निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे।