मुंबई में पांच घंटे में 70 मिमी से अधिक बारिश, आईएमडी ने चेतावनी दी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-07-2026
Mumbai receives over 70 mm of rain in five hours, IMD warns
Mumbai receives over 70 mm of rain in five hours, IMD warns

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
महाराष्ट्र के मुंबई में शुक्रवार को लगातार बारिश जारी रही और शहर के कई इलाकों में केवल पांच घंटे में 70 मिलीमीटर (मिमी) से अधिक वर्षा दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों में ‘तेज से बहुत तेज’ बारिश का अनुमान जताया है।

नगर निकाय अधिकारियों के अनुसार, सबसे अधिक 73.8 मिमी बारिश बांद्रा में हुई। इसके बाद प्रभादेवी में 72.2 मिमी, बांद्रा पश्चिम में 70.8 मिमी और परेल में 69.4 मिमी बारिश दर्ज की गयी।
 
आईएमडी ने अगले 24 घंटों के दौरान शहर और उसके उपनगरों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है।
 
मौसम विभाग ने बताया कि इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
 
शहर में शुक्रवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है और बीच-बीच में तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया।
 
अधिकारियों ने हालांकि बताया कि मेट्रो, उपनगरीय रेलवे और बेस्ट बस सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं लेकिन यात्रियों ने जाम और लोकल ट्रेनों के देरी से चलने की शिकायत की।
 
अधिकारियों के अनुसार, मुंबई में बृहस्पतिवार मध्यरात्रि के बाद से ही लगातार भारी बारिश हो रही है।
 
उन्होंने बताया कि दादर, अंधेरी, गोरेगांव और परेल जैसे निचले इलाकों में जलभराव हुआ था, लेकिन सुबह तक पानी उतर गया।
 
सुबह के शुरुआती घंटों में बारिश की तीव्रता कम हो गई थी लेकिन सुबह आठ बजे के बाद मुंबई के कुछ हिस्सों में फिर से बारिश तेज हो गई।
 
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, शुक्रवार सुबह आठ बजे तक के 24 घंटे के दौरान शहर में 100 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई।