उत्तरी बंगाल में अगले दो दिनों में और बारिश होने की संभावना

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 30-06-2026
More rain likely in North Bengal in the next two days
More rain likely in North Bengal in the next two days

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के कारण उत्तर बंगाल के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों में और बारिश हो सकती है। मॉनसून की बारिश की वजह से क्षेत्र के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
 
अधिकारियों ने बताया कि दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में बृहस्पतिवार सुबह तक भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।
 
उन्होंने बताया कि सक्रिय मॉनसून प्रणाली से पिछले 24 घंटों में जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई। लगातार बारिश की वजह से तीस्ता, जलढाका, डायना, लीश और घीश नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है।
 
भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, अलीपुरद्वार के संकोश चाय बागान में मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 24 घंटों में राज्य में सबसे ज़्यादा 21 सेंटीमीटर (सेमी) बारिश रिकार्ड की गई।
 
इसके अलावा, अन्य जिन इलाकों में भारी बारिश हुई है उनमें अलीपुरद्वार का दलगांव चाय बागान (18 सेमी), कूचबिहार का घुघुमारी (17 सेमी), अलीपुरद्वार के न्यूलैंड्स चाय बागान (16 सेमी) और रायडक चाय बागान (15 सेमी), और जलपाईगुड़ी का धूपगुड़ी (12 सेमी) शामिल हैं।
 
आईएमडी ने दक्षिण बंगाल के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान जताया है।