दुकान विवाद में सुर्खियों में आए ‘मोहम्मद दीपक’ बोले- ‘सोचा नहीं था बात इतनी दूर जाएगी’

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-02-2026
Mohammad Deepak, who made headlines in the shop dispute, said,
Mohammad Deepak, who made headlines in the shop dispute, said, "I never thought it would go this far."

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 उत्तराखंड के पौड़ी जिले के कोटद्वार शहर में एक समुदाय विशेष की दुकान के नाम को लेकर उपजे विवाद के बीच ‘मोहम्मद दीपक’ नाम से चर्चा में आए जिम संचालक दीपक कुमार ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनका यह परिचय चर्चा का विषय बन जाएगा।
 
घटना 26 जनवरी की है, जब पटेल मार्ग स्थित कपड़ों की दुकान ‘बाबा’ का नाम बदलने के लिए दुकान मालिक वकील अहमद पर दबाव बनाने को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ता दुकान के बाहर जमा हो गए थे। इसी दौरान अहमद के बेटे मोहम्मद शोएब के मित्र और 42 वर्षीय जिम मालिक दीपक कुमार ने बजरंग दल के इस रवैये का विरोध किया और कार्यकर्ताओं को वहां से हटने पर मजबूर कर दिया।
 
दीपक कुमार के इस कदम की देशभर में सराहना हो रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें ‘भारत का हीरो’ बताया है।
 
घटनाक्रम को याद करते हुए दीपक कुमार ने बताया कि बजरंग दल के कार्यकर्ता दुकान मालिक पर नाम बदलने का दबाव बना रहे थे और शोर-शराबा करने लगे।
 
उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद धक्का-मुक्की भी हुई। इसी दौरान एक व्यक्ति ने मेरा नाम पूछा। गुस्से में मैंने अपना नाम ‘मोहम्मद दीपक’ बता दिया। मुझे अंदाजा नहीं था कि यह बात इतनी दूर तक जाएगी।’’