आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मुंबई में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के आवास पर हुई गोलीबारी के सिलसिले में पुलिस ने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पुणे निवासी आरोपी आसाराम फासले को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों के अनुसार, पुलिस को संदेह है कि फासले ने ही अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार हमलावर को मुहैया कराया था।
शनिवार देर रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर मुंबई के जुहू इलाके में शेट्टी की नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर कम से कम पांच गोलियां चलाई गईं। एक गोली इमारत में स्थित एक जिम के शीशे पर जा लगी।
एक अधिकारी ने बताया कि फासले की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में अब तक पांच लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है और हमलावार की तलाश जारी है।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों से पूछताछ के दौरान फासले का नाम सामने आया।
अधिकारी ने बताया कि फासले को आज बाद में अन्य चार आरोपियों के साथ अदालत में पेश किया जाएगा जिनकी पांच दिन की पुलिस हिरासत बृहस्पतिवार को समाप्त हो रही है।
गोलीबारी की घटना की जांच के दौरान यह बात सामने आई कि सभी आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य शुभम लोनकर के संपर्क में थे जिसे इस मामले में वांछित आरोपी बताया जा रहा है।