आवाज द वॉयस/ नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह व राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित तमाम नेताओं ने सोमवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को उनके जन्मदिन की बधाई दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने शर्मा को बधाई देते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘वह (भजनलाल शर्मा) राज्य की विकास यात्रा को गति देने और युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए प्रशंसनीय प्रयास कर रहे हैं। उन्हें अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की शुभकामनाएं।’’
केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। वीरभूमि राजस्थान की विरासतों एवं संस्कृति के संरक्षण तथा प्रदेश में किसानों, महिलाओं, युवाओं के सशक्तीकरण से आप प्रधानमंत्री मोदी जी के ‘सबका साथ, सबका विश्वास’ के मंत्र को चरितार्थ कर रहे हैं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं।’’
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने शर्मा को बधाई देते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मैं ईश्वर से आपके अच्छे स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की कामना करता हूं।’’
राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी सहित अन्य नेताओं ने भी शर्मा को जन्मदिन की बधाई दी।