आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की टिप्पणी को उनकी राजनीतिक हताशा का प्रतीक करार देते हुए शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री को खुद को देश से बड़ा मानने की भूल नहीं करनी चाहिए।
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को कायड़ (अजमेर) में एक जनसभा में आरोप लगाया कि कांग्रेस अब ‘इंडियन नेशनल कांग्रेस’ (आईएनसी) नहीं बल्कि “एमएमसी” यानी “मुस्लिम लीगी-माओवादी कांग्रेस” बन गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे देश में लगातार हार रही कांग्रेस गुस्से में इसका बदला भारत को बदनाम करके ले रही है।
इस पर पलटवार करते हुए गहलोत ने एक बयान में कहा, ‘‘आज अजमेर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कांग्रेस पर की गई टिप्पणी उनकी राजनीतिक हताशा का प्रतीक है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जिस विचारधारा ने आजादी की लड़ाई में नाखून तक नहीं कटाया, उनका गौरवशाली इतिहास वाली कांग्रेस पर देश बांटने जैसे आरोप लगाना न केवल हास्यास्पद है, बल्कि वैचारिक दिवालियेपन का प्रमाण है।"
गहलोत ने लिखा, ‘‘मोदी जी, याद रखिए आपका विरोध करना देश का विरोध करना नहीं है। अपने आप को देश से बड़ा मानने की भूल मत कीजिए।’’