आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
निर्वाचन आयोग (ईसी) ने पश्चिम बंगाल में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद की मतदाता सूचियों को शनिवार को चरणबद्ध तरीके से प्रकाशित करना शुरू कर दिया।
निर्वाचन आयोग के सूत्रों ने बताया कि राज्य की मसौदा मतदाता सूची से पहले हटाए गए 58 लाख मतदाताओं के अलावा आठ लाख और नाम हटाने की संभावना है, जिससे पश्चिम बंगाल में एसआईआर के कारण हटाए गए कुल नामों की संख्या अब तक लगभग 66 लाख हो जाएगी।
जारी सूची से पता चलता है कि नवंबर में प्रक्रिया शुरू होने के बाद से नदिया जिले में लगभग 2.71 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जबकि बांकुड़ा में कुल 1.18 लाख नाम काटे गए हैं, जो अप्रैल में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले व्यापक बदलाव को रेखांकित करता है।
एक अधिकारी ने बताया कि नाम हटाए जाने की वास्तविक संख्या का पता तभी लग सकेगा जब नामों की पूरी सूची ऑनलाइन प्रकाशित हो जाएगी।
निर्वाचन आयोग के सूत्रों के अनुसार, उत्तरी कोलकाता क्षेत्र में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से लगभग 4.07 लाख नाम हटाए गए हैं।
उत्तरी कोलकाता क्षेत्र में सात विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं और उन पर वर्तमान में तृणमूल कांग्रेस का कब्जा है।