मोदी की अपील: लोकल अपनाएं, सोना टालें

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 12-05-2026
Modi's Appeal: Embrace Local, Defer Gold Purchases
Modi's Appeal: Embrace Local, Defer Gold Purchases

 

वडोदरा।

प्रधानमंत्री Narendra Modi ने देशवासियों से ‘वोकल फॉर लोकल’ को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने लोगों से विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता कम करने, स्थानीय उत्पादों को अपनाने और फिलहाल सोने की खरीद टालने की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और आपूर्ति श्रृंखलाओं पर पड़ रहा है, ऐसे में देश के हर नागरिक को जिम्मेदारी निभानी होगी।

गुजरात के वडोदरा में सरदारधाम हॉस्टल के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गुजरात ने हमेशा बदलाव को अवसर में बदलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि नई संभावनाओं को समय रहते अपनाना और भविष्य के लिए तैयारी करना गुजरात की कार्य संस्कृति का हिस्सा रहा है, जिसकी वजह से राज्य ने कई उभरते क्षेत्रों में नई पहचान बनाई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी इस सदी का सबसे बड़ा संकट थी, जबकि पश्चिम एशिया का मौजूदा युद्ध इस दशक की सबसे गंभीर चुनौतियों में से एक बन गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि जिस तरह भारत ने महामारी से मिलकर मुकाबला किया था, उसी तरह यह संकट भी पार कर लिया जाएगा।

मोदी ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण आयातित वस्तुओं की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं और अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन भी प्रभावित हुई हैं। उन्होंने कहा कि भारत हर साल लाखों करोड़ रुपये विदेशी वस्तुओं के आयात पर खर्च करता है। ऐसे समय में लोगों को विदेशी उत्पादों का इस्तेमाल कम करना चाहिए और दैनिक जीवन में अनावश्यक आयातित वस्तुओं पर निर्भरता घटानी चाहिए।

प्रधानमंत्री ने लोगों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोग मेट्रो, इलेक्ट्रिक बसों और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। साथ ही कारपूलिंग को बढ़ावा दिया जाए ताकि ईंधन की बचत हो सके। उन्होंने सरकारी और निजी दफ्तरों से वर्चुअल मीटिंग और वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता देने का सुझाव भी दिया।

मोदी ने कहा कि देश का एक बड़ा धन सोने के आयात पर भी खर्च होता है। इसलिए उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि हालात सामान्य होने तक सोने की खरीद को टाल दें। उन्होंने कहा, “आज जरूरत इस बात की है कि ‘वोकल फॉर लोकल’ को एक जन आंदोलन बनाया जाए। विदेशी सामान की जगह स्थानीय उत्पाद अपनाइए और अपने गांव, शहर और देश के उद्यमियों को मजबूत बनाइए।”

प्रधानमंत्री ने गुजरात की औद्योगिक प्रगति का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि साणंद में सेमीकंडक्टर उत्पादन शुरू हो चुका है और धोलेरा तथा सूरत में भी नए प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मोदी ने कहा कि गुजरात वैश्विक सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन का अहम केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने वडोदरा को इंजीनियरिंग, भारी मशीनरी, केमिकल, फार्मास्युटिकल और पावर उपकरण निर्माण का बड़ा केंद्र बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब यह शहर एयरोस्पेस क्षेत्र में भी तेजी से उभर रहा है और भविष्य में वैश्विक एविएशन हब के रूप में पहचान बना सकता है।