आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को बैसाखी, पुथंडु और महा बिशुबा पाना संक्रांति के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं और कामना की कि यह विशेष दिन समाज में एकजुटता की भावना को और मजबूत करे तथा सभी के जीवन में शांति, खुशी और समृद्धि लाए।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अंग्रेजी, गुरुमुखी, तमिल और उड़िया में अलग-अलग संदेश साझा करके शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा, ‘‘बैसाखी के शुभ अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह जीवंत पर्व कृतज्ञता, नवोन्मेष और आशा की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा, ‘‘इस दिन हमारे किसानों की कड़ी मेहनत का जश्न मनाया जाता है जिनके समर्पण से हमारे देश को भोजन मिलता है।’’
उन्होंने कहा कि बैसाखी का गहरा आध्यात्मिक महत्व भी है क्योंकि यह श्री गुरु गोबिंद सिंह द्वारा खालसा पंथ की स्थापना को भी दर्शाता है।
मोदी ने कहा कि पूज्य सिख गुरुओं की शिक्षाएं बेहतर समाज के निर्माण के सामूहिक प्रयासों के लिए सभी को लगातार प्रेरित करती हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘यह पर्व सभी के जीवन में खुशी, समृद्धि और नयी ऊर्जा लाए।’’
प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के लोगों को पुथंडु की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह सभी के लिए खुशियों, सफलता और अच्छे स्वास्थ्य से भरे वर्ष की कामना करते हैं।