मोदी और ट्रंप के बीच मंगलवार को सार्थक बातचीत हुई: व्हाइट हाउस

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-03-2026
Modi and Trump had a productive conversation on Tuesday: White House
Modi and Trump had a productive conversation on Tuesday: White House

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मंगलवार को फोन पर हुई बातचीत का जिक्र करते हुए शुक्रवार को कहा कि दोनों नेताओं के बीच सार्थक संवाद हुआ।
 
‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने खबर दी कि मोदी और ट्रंप ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर जब मंगलवार को बातचीत की, उस समय अरबपति कारोबारी एलन मस्क भी फोन पर उनके साथ मौजूद थे।
 
‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की इस खबर पर टिप्पणी का अनुरोध किए जाने पर ‘व्हाइट हाउस’ की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने एक बयान में ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘राष्ट्रपति ट्रंप के प्रधानमंत्री मोदी के साथ बहुत अच्छे संबंध हैं और बातचीत सार्थक रही।’’
 
‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने अमेरिका के अज्ञात अधिकारियों के हवाले से खबर दी कि मंगलवार को ट्रंप और मोदी की फोन पर हुई बातचीत में एलन मस्क भी शामिल हुए थे। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच दो देशों के प्रमुखों के बीच हुई बातचीत में सरकार के इतर किसी नागरिक का मौजूद होना असामान्य है।
 
‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ की खबर में कहा गया कि मस्क के इस बातचीत में शामिल होने की दो अमेरिकी अधिकारियों द्वारा पुष्टि किए जाने से संकेत मिलता है कि दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति मस्क के राष्ट्रपति ट्रंप के साथ संबंध फिर बेहतर हो गए हैं।
 
मस्क के सरकार से पिछले साल बाहर निकलने के बाद उनके एवं ट्रंप के संबंधों में खटास आ गई थी। मस्क को सरकार में कर्मचारियों की संख्या में कटौती करने का काम सौंपा गया था।
 
खबर में कहा गया कि यह स्पष्ट नहीं है कि मस्क इस बातचीत में शामिल क्यों थे या उन्होंने इस दौरान कोई बात की थी या नहीं।
 
पश्चिम एशिया में 28 फरवरी को संघर्ष शुरू होने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली बातचीत है।