मिजोरम : भारी बारिश और तेज हवाओं के बीच पांच जिलों में स्कूल बंद

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-04-2026
Mizoram: Schools closed in five districts amid heavy rain and strong winds
Mizoram: Schools closed in five districts amid heavy rain and strong winds

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
मिजोरम में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने के कारण आइजोल, सेरछिप और लुंगलेई जिलों में बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी सभी स्कूल बंद हैं।
 
स्कूल शिक्षा निदेशक एंजेला जोथानपुई ने बताया कि दक्षिणी जिलों हनहथियाल और लॉन्गतलाई के स्कूल मंगलवार को खुले रहे थे और इन्हें भी बुधवार को बंद करने का आदेश दिया गया है।
 
उन्होंने कहा कि सभी पांच जिलों के प्रशासन ने एहतियाती सुरक्षा उपाय के तौर पर यह निर्णय लिया।
 
आइजोल जिला प्रशासन ने कहा कि लगातार हो रही भारी बारिश से भूस्खलन, मलबा आने, चट्टान गिरने और अचानक बाढ़ आने का खतरा काफी बढ़ गया है।
 
मिजोरम में सोमवार से ही तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे भारी तबाही मची हुई है।
 
राज्य आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग ने बुनियादी ढांचे को हुए भारी नुकसान की सूचना दी है, जिसमें बताया गया है कि सोमवार और मंगलवार के बीच आए तूफानों से 70 से अधिक घर, कुछ चर्च हॉल, स्कूल और सरकारी इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं।
 
विभाग ने बताया कि फिलहाल किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे की अवधि में आइजोल में सर्वाधिक 57.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। अन्य प्रभावित क्षेत्रों में से मामित में 47.5 मिमी, खॉज़ॉल में 35.5 मिमी, सेरछिप में 34.5 मिमी और सियाहा में 34 मिमी बारिश हुई।
 
मौसम विभाग ने आइजोल, कोलासिब, मामित, चम्फाई और सेरछिप में शुक्रवार तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश, गरज के साथ बिजली चमकने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
 
इसके अलावा बुधवार को कोलासिब और बृहस्पतिवार को आइजोल में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं